पावरग्रिड और काशी विद्यापीठ की संयुक्त पहल, कुलपति ने विजेताओं को किया सम्मानित
रिपोर्ट आनंद रत्न उपाध्याय
वाराणसी। सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के तहत पावरग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के वाराणसी उपकेंद्र एवं महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के समाज कार्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विद्यार्थियों के लिए निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। 28 अक्टूबर को आयोजित इस प्रतियोगिता का विषय ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखा गया था। इसमें एमएसडब्ल्यू, पीजी डिप्लोमा इन एचआरडी तथा एमए (आईआरपीएम) के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के विजेताओं को 29 अक्टूबर को आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी तथा पावरग्रिड के वरिष्ठ उपमहाप्रबंधक राजकुमार और उपमहाप्रबंधक आलोक कुमार ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने विद्यार्थियों को जीवन में ईमानदारी और सत्यनिष्ठा अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार का उन्मूलन कठिन जरूर है, लेकिन दृढ़ संकल्प और मजबूत इच्छाशक्ति से इसे समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी कार्य में शॉर्टकट अपनाने के बजाय ईमानदारी के रास्ते पर चलने और राष्ट्र की समृद्धि में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज कार्य विभाग की संकायाध्यक्ष एवं विभागाध्यक्ष प्रो. वंदना सिन्हा ने की। प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण समारोह का संयोजन और संचालन प्रो. भावना वर्मा, प्रो. अनिल कुमार चौधरी तथा पावरग्रिड के कनिष्ठ अधिकारी (मानव संसाधन) आशीष कुमार गुप्ता ने किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नैतिक मूल्यों, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।




