स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत प्राथमिक विद्यालय चन्द्रावती में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, क्विज प्रतियोगिता के साथ अभिभावकों को भी किया जागरूक
रिपोर्टर: विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत प्राथमिक विद्यालय चन्द्रावती, चोलापुर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने लघु नाटक के माध्यम से ई-कचरे के दुष्प्रभावों और उसके सुरक्षित निस्तारण की आवश्यकता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। बच्चों ने अपनी प्रस्तुति के जरिए अभिभावकों को भी पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया।
विद्यालय के इको क्लब की नोडल शिक्षिका डॉ. सुमन कुमारी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने अलग-अलग रंगों के डस्टबिन के महत्व को समझाया। उन्होंने गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के साथ सैनिटरी कचरे तथा विशेष देखभाल वाले कचरे के उचित निस्तारण की जानकारी दी। इस अवसर पर ई-कचरा प्रबंधन विषय पर क्विज प्रतियोगिता भी हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बच्चों ने अनुपयोगी मोबाइल फोन, चार्जर, कीबोर्ड, बल्ब और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से निकलने वाले ई-कचरे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक कचरे को सामान्य घरेलू कचरे में नहीं मिलाना चाहिए, बल्कि अलग एकत्र कर अधिकृत संग्रहण केंद्रों अथवा पुनर्चक्रण एजेंसियों को सौंपना चाहिए।
अभियान के तहत विद्यार्थियों ने विद्यालय और अपने घरों में रखे अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों एवं ई-कचरे का संग्रह भी किया। साथ ही अभिभावकों से अपील की कि वे ई-कचरे को खुले में फेंकने के बजाय सुरक्षित तरीके से एकत्रित कर अधिकृत एजेंसियों के माध्यम से उसका निस्तारण कराएं।
कार्यक्रम में मौजूद अभिभावकों ने बच्चों की जागरूकतापूर्ण प्रस्तुति की सराहना की। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ ही परिवार एवं समाज को ई-कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।




