सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने की सहभागिता, 1.89 करोड़ परिवारों को मिलेगा रिफिल सब्सिडी का लाभ
रिपोर्ट : विवेक राय
वाराणसी। दीपावली के पावन पर्व पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को बड़ी राहत देते हुए उत्तर प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों के लिए रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वाराणसी स्थित सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं लाभार्थी महिलाओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से किया। इस दौरान वाराणसी में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं अन्य लोगों ने वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक पूनम मौर्य, विधायक प्रतिनिधि अदिति सिंह पटेल एवं भाजपा जिलाध्यक्ष रामशकल पटेल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार गरीब तथा जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
दीपावली के अवसर पर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी उपलब्ध कराने की पहल से महिलाओं को आर्थिक संबल मिलेगा और त्योहार की खुशियां भी बढ़ेंगी। सरकार की यह पहल जरूरतमंद परिवारों के जीवन को सुगम, सुरक्षित एवं खुशहाल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।




