प्रमुख घाटों पर सफाई और विद्युत सजावट पूरी, व्रतियों की सुविधा व सुरक्षा के लिए प्रशासन ने किए इंतजाम
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर चौबेपुर क्षेत्र में तैयारियां अंतिम रूप ले चुकी हैं। क्षेत्र के प्रमुख घाटों, तालाबों और जलाशयों की साफ-सफाई के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। घाटों को आकर्षक विद्युत झालरों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। पर्व को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
क्षेत्र के कैथी स्थित मार्कण्डेय महादेव घाट, मां नेपाली भगवती धाम छितमपुर, धौरहरा गोमती घाट, गौरीशंकर महादेव घाट चंद्रावती, रामपुर, गौरा, मौनी बाबा आश्रम पानापुर, सोनबरसा और सरसौल सहित विभिन्न घाटों एवं तालाबों पर सफाई का कार्य पूरा कर लिया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश व्यवस्था के साथ अन्य जरूरी इंतजाम भी किए गए हैं।
चार दिवसीय छठ महापर्व को लेकर व्रती महिलाओं ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। बृहस्पतिवार को महिलाओं ने विभिन्न घाटों पर पूजा की बेदी बनाने के लिए निर्धारित स्थानों पर मिट्टी रखकर अपना नाम अंकित किया। इसके साथ ही पूजा सामग्री और अन्य धार्मिक तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।
नहाय-खाय से शुरू होगा चार दिवसीय अनुष्ठान
छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होगी। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत में व्रती महिलाएं पूरी श्रद्धा और नियम-निष्ठा के साथ अनुष्ठान संपन्न करेंगी।
पहला दिन – नहाय-खाय: व्रती स्नान के बाद लौकी-भात का प्रसाद ग्रहण करेंगी।
दूसरा दिन – खरना: गुड़ की खीर और रोटी सहित पारंपरिक प्रसाद तैयार कर ग्रहण किया जाएगा।
तीसरा दिन – संध्या अर्घ्य: अस्ताचलगामी सूर्य को जलाशयों में खड़े होकर पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा।
चौथा दिन – उषा अर्घ्य: उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाएं व्रत का पारण करेंगी।
घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं सुविधाओं से संबंधित आवश्यक तैयारियां की गई हैं। साफ-सफाई, रोशनी और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
छठ महापर्व को लेकर क्षेत्र के गांवों और कस्बों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। सूर्य उपासना, लोक परंपरा और पारिवारिक आस्था से जुड़े इस महापर्व के स्वागत में पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर है।




