एचजी स्कूल डुबकियां में बाल दिवस पर वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन, पूर्व विद्यार्थियों ने साझा कीं पुरानी यादे
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। बाल दिवस के अवसर पर एचजी स्कूल डुबकियां में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता एवं पुरातन छात्र समागम का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। वहीं, विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों की उपस्थिति ने आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अंबिका प्रसाद गौड़ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना बनाए रखने और प्रतियोगिता के नियमों का ईमानदारी से पालन करने की शपथ दिलाई।
प्रतियोगिता के अंतर्गत बिस्किट रेस, बनाना रेस, बैलून रेस, शॉटपुट और डिस्कस थ्रो सहित कई खेल आयोजित किए गए। बालक एवं बालिका वर्ग के साथ अलग-अलग आयु वर्गों के प्रतिभागियों ने प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खेल मैदान में बच्चों का उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना देखने लायक रही।
समारोह में विद्यालय के पुरातन छात्रों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन की पुरानी यादें ताजा करते हुए अनुभव साझा किए और वर्तमान विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को पुरातन छात्रों ने सम्मानित किया।
खेलकूद प्रतियोगिता का निर्देशन विद्यालय के खेल विभाग के कृष्ण कुमार, गुलाम मुस्तफा एवं शशिबाला श्रीवास्तव ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन अरुण मिश्रा ने किया। आयोजन का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।




