वाराणसी, जौनपुर और आजमगढ़ जाने वाले हजारों लोगों को मिलेगी राहत, मार्कंडेय महादेव धाम पहुंचना भी होगा आसान
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। टांडा-कैथी गंगा घाट पर आवागमन बहाल करने की दिशा में पीपा पुल निर्माण का कार्य सोमवार से शुरू हो गया है। गंगा नदी का जलस्तर सामान्य होने के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की टीम ने पांटून पीपा पुल जोड़ने का काम तेजी से शुरू कर दिया है। निर्माण कार्य पूरा होते ही इस मार्ग पर आवागमन शुरू होने की संभावना है।
इससे चंदौली सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। गौरतलब है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय के प्रयासों से करीब पांच वर्ष पूर्व इस घाट पर पीपा पुल का निर्माण कराया गया था। प्रतिवर्ष मानसून और बाढ़ के खतरे को देखते हुए 15 जून की मध्यरात्रि को पुल हटा दिया जाता है।
पुल के हटने से क्षेत्रीय लोगों को वाराणसी, जौनपुर और आजमगढ़ जाने के लिए लगभग 25 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। वहीं, प्रसिद्ध मार्कंडेय महादेव धाम में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी सैदपुर अथवा चौबेपुर होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। अब पुल का निर्माण शुरू होने से स्थानीय निवासियों, व्यापारियों, दैनिक यात्रियों और श्रद्धालुओं को समय एवं दूरी दोनों की बचत होगी।
इससे क्षेत्र की आवागमन व्यवस्था को भी गति मिलने की उम्मीद है। वहीं घाट दरोगा दीना सिंह ने बताया कि पांटून पीपा पुल जोड़ने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। मौसम अनुकूल रहने पर आगामी 20 दिनों के भीतर निर्माण कार्य पूरा कर पुल को आम जनता के आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।




