10-15 लोगों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, निजी अस्पताल में चल रहा घायल का उपचार
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। क्षेत्र के मिल्कोपुर गांव में बाइक की टक्कर को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि अंडा दुकानदार धन्नू चौहान को कई लोगों ने लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उपचार चल रहा है।
घायल की पत्नी उर्मिला देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बीते 10 नवंबर की शाम दुकान के सामने बाइक से एक व्यक्ति को टक्कर लगने के बाद विवाद हुआ था। स्थिति को देखते हुए उनके पति दुकान बंद कर वहां से चले गए थे।
आरोप है कि कुछ देर बाद अवनीश गुप्ता अपने पिता राजकुमार गुप्ता और 10-15 अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। सभी ने गाली-गलौज करते हुए धन्नू चौहान के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पत्नी के मुताबिक, मारपीट के बाद घायल को ऑटो से जाल्हूपुर चौकी ले जाया गया। आरोप है कि उन्हें थाने ले जाने के बजाय आरोपी अपने घर ले गए, जहां उनके साथ दोबारा मारपीट की गई। इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घायल को पहले पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार नहीं होने और गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तिलमापुर स्थित प्रमिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।




