छत का सीमेंट उखाड़कर 10 किलोवाट का स्टेपलाइजर खोला, 25 मीटर बिजली केबल भी ले गए चोर
रिपोर्ट : वीरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। क्षेत्र के गौरा उपरवार गांव में चोरों ने किसान के नलकूप को निशाना बनाते हुए स्टेपलाइजर का तांबा और बिजली की केबल चोरी कर ली। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित किसान सुधीर कुमार सिंह ने शुक्रवार को थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे जब वह अपने नलकूप पर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गए। चोरों ने नलकूप की छत का सीमेंट उखाड़कर अंदर लगे 10 किलोवाट के स्टेपलाइजर को खोल दिया था। उसमें लगा तांबा निकालने के साथ ही करीब 25 मीटर बिजली की केबल भी गायब थी।
किसान ने बताया कि उनके नलकूप पर पहले भी चोरी की घटना हो चुकी है। जून 2024 में चोरों ने इसी नलकूप को निशाना बनाया था, जिस संबंध में थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। दोबारा हुई चोरी से पीड़ित किसान को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि चोरी के मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




