आशा ट्रस्ट के शिक्षण केंद्र पर खेलकूद, कला और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन; शिक्षा के साथ खेल को भी बाल अधिकार में शामिल करने की उठी मांग
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। भंदहा कला (कैथी) स्थित आशा सामाजिक शिक्षण केंद्र पर बाल दिवस को खेल उत्सव के रूप में मनाया गया। आशा ट्रस्ट द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भंदहा कला, राजवारी और कुर्सिया के ईंट-भट्ठों पर कार्यरत प्रवासी श्रमिक परिवारों के करीब 100 बच्चों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पं. जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान बच्चों के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ कहानी, कविता लेखन, चित्रकला और बाल फिल्म प्रदर्शन जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम संयोजक दीन दयाल सिंह ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल भी जरूरी हैं। उन्होंने सरकारी विद्यालयों में खेल संसाधन, प्रशिक्षण और पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने तथा खेल को बाल अधिकारों में शामिल करने की आवश्यकता जताई। आयोजन में प्रदीप सिंह, दीन दयाल सिंह, रमेश प्रसाद, सौरभ चन्द्र और बृजेश कुमार सहित अन्य लोगों ने प्रमुख भूमिका निभाई।




