लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला करने का आरोप, बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को भी पीटा; पुलिस ने शुरू की जांच
रिपोर्ट : विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। उमरहां गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक पक्ष के आठ लोगों ने एकजुट होकर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को भी मारपीट का सामना करना पड़ा। मामले में नन्दलाल यादव की शिकायत पर चौबेपुर पुलिस ने आठ नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, आठ नवंबर की शाम करीब सात बजे आरोपित एक राय होकर मौके पर पहुंचे और मारपीट करने लगे। हमले में कई लोगों को चोटें आईं। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर रामदुलार यादव, रमेश, रामअधार, पप्पू यादव, राजू यादव, विकास, विनीत और अरुण के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




