विधायक त्रिभुवन राम ने विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित, युवाओं को नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का दिया संदेश
रिपोर्ट : विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में माय भारत की ओर से राष्ट्रीय युवा एवं विकसित भारत कार्यक्रम तथा 100वें सप्ताह के नशामुक्त युवा अभियान के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय क्लस्टर ऑफ ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का रविवार दोपहर चौबेपुर स्थित खेल मैदान में भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में क्षेत्र के युवाओं ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, उनमें खेल भावना, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करना तथा नशामुक्ति और स्वस्थ समाज के निर्माण के प्रति जागरूक करना रहा। समापन समारोह के मुख्य अतिथि अजगरा विधायक त्रिभुवन राम ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलकूद शारीरिक एवं मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। युवाओं को खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपने उज्ज्वल भविष्य के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। जिला युवा अधिकारी एवं डिप्टी डायरेक्टर विकास सिंह के दिशा-निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता के परिणामों में ऊंची कूद में पीयूष यादव ने प्रथम, दिव्यांशु कुमार ने द्वितीय तथा रुद्र राज शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जैवलिन थ्रो में पीयूष यादव प्रथम, दिव्यांशी गौरव द्वितीय तथा श्याम दिव्यांशु कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
300 मीटर दौड़ में अतुल सिंह ने प्रथम, आर्यन सिंह ने द्वितीय तथा रुद्र शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं 200 मीटर दौड़ में खुशी यादव प्रथम, प्रियांशी यादव द्वितीय तथा इस यादव तृतीय स्थान पर रहीं। कबड्डी एवं को-को प्रतियोगिताओं में एलिट स्कूल चौबेपुर के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। कार्यक्रम के आयोजक युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के यूथ आइकॉन सृजन चतुर्वेदी ने कहा कि युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना, खेलों के माध्यम से उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित करना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों, सहयोगियों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर परमहंस हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. वीर बहादुर सिंह, राहुल तिवारी, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष संतोष कुमार कनौजिया, गोपाल चौबे, धीरू सिंह, डीके सिंह, जयशंकर मौर्य एवं सौरभ पाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेम शंकर तिवारी ने की तथा संचालन शिवम चतुर्वेदी ने किया।




