गंगा-गोमती संगम से ग्रामीण सरोवरों तक दिखी भक्ति की छटा, संतान की दीर्घायु और परिवार की खुशहाली के लिए महिलाओं ने रखा निर्जला व्रत
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पर रविवार को वाराणसी के गंगा घाटों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के नदी, तालाबों और सरोवरों तक भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं पारंपरिक पूजन सामग्री, फल, फूल और प्रसाद से सजे डाले लेकर विभिन्न घाटों पर पहुंचीं। छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक लोकगीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर नजर आया।
महापर्व को लेकर व्रती महिलाओं में विशेष उत्साह रहा। संतान की सुख-समृद्धि, दीर्घायु और परिवार की खुशहाली की कामना के साथ महिलाओं ने कठिन निर्जला व्रत रखा। कई श्रद्धालु मन्नत पूरी होने पर दंडवत प्रणाम करते हुए घर से घाट तक पहुंचे। उनके साथ परिवार के अन्य सदस्य भी पूजन सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचे और धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता की।
घाटों पर पहुंचकर व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से स्नान किया और पूजा वेदियों को पारंपरिक तरीके से सजाकर छठी मैया की आराधना की। इसके बाद सायंकाल भगवान भास्कर के अस्ताचल की ओर प्रस्थान करने पर अर्घ्य अर्पित किया गया। इस दौरान महिलाओं ने परिवार की सुख-शांति, संतान की उन्नति और समृद्धि की कामना की। घाटों पर गूंजते छठ के पारंपरिक गीतों ने माहौल को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया।
चौबेपुर क्षेत्र में भी छठ महापर्व को लेकर व्यापक उत्साह देखने को मिला। कैथी स्थित प्रसिद्ध मारकंडेय महादेव धाम के गंगा-गोमती संगम तट, गौरीशंकर महादेव घाट चंद्रावती, रामपुर, चंद्रावती, गौरवपुर, सरसौल, कर्णपुर, धरहरा, नाग नदी, मां नेपाली भगवती धाम छितमपुर, माँ शीतला धाम अजांव सहित गोमती नदी के संगम तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। क्षेत्र के विभिन्न नदी घाटों, कुंडों और तालाबों पर व्रती महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सूर्यदेव की उपासना की।
महापर्व को देखते हुए विभिन्न घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियां की गई थीं। परिवार के बुजुर्गों से लेकर बच्चों तक ने उत्साहपूर्वक पर्व में हिस्सा लिया। शहर और ग्रामीण अंचलों में चारों ओर छठी मैया के गीत, पूजा की तैयारियां और श्रद्धालुओं की आवाजाही देखने को मिली।
चार दिवसीय छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार की सुबह व्रती महिलाएं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी। इसके बाद विधि-विधान से पूजा संपन्न कर व्रत का पारण किया जाएगा। इसी के साथ लोक आस्था और सूर्य उपासना का यह महापर्व श्रद्धा एवं उल्लास के वातावरण में संपन्न होगा।




