हर मंगलवार सुबह 5 से 6 बजे तक होगा शाखा का संचालन, योग, हनुमान चालीसा, श्लोक और नैतिक शिक्षा के माध्यम से नई पीढ़ी को जोड़ने की पहल
रिपोर्ट विवेक राय
चोलापुर (वाराणसी)। ग्रामीण क्षेत्र में बच्चों और युवाओं को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों से जोड़ने के उद्देश्य से मंगलवार को चोलापुर ब्लॉक की ताला ग्रामसभा में राष्ट्रीय सनातन संघ की राष्ट्रीय सनातन संस्कार शाखा का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन धार्मिक अनुष्ठान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच किया गया।
शाखा का उद्घाटन शाखा प्रमुख बलराम पांडेय एवं शाखा संचालक ऋषि पांडेय ने भगवान हनुमान के चित्र पर माल्यार्पण कर तथा धूप-दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश, मां सरस्वती और मां गायत्री की वंदना एवं ईश्वर प्रार्थना से हुई। इसके बाद उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेदारियों के निर्वहन का संकल्प दिलाया गया। इसमें माता-पिता की सेवा, बड़ों एवं गुरुजनों का सम्मान, नशामुक्त जीवन, गौसेवा, राष्ट्र के प्रति समर्पण तथा महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा एवं सम्मान जैसे विषयों को शामिल किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और भारत माता की जय एवं सनातन धर्म की जय के उद्घोष के साथ हुआ। अंत में उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय सनातन संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कन्हैया पांडेय उपस्थित रहे। इसके अलावा राष्ट्रीय महासचिव देवेंद्र पांडेय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सर्वेश सिंह, अरुण सिंह, पवन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, बच्चे और युवा शामिल हुए।
शाखा प्रमुख बलराम पांडेय ने बताया कि ताला ग्रामसभा में यह शाखा प्रत्येक मंगलवार सुबह 5 बजे से 6 बजे तक संचालित की जाएगी। इसमें बच्चों को योगाभ्यास, हनुमान चालीसा, धार्मिक श्लोक, नैतिक शिक्षा और सनातन संस्कृति से संबंधित जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी में संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।




