डुबकियां पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा, टक्कर मारकर वाहन चालक फरार; ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। क्षेत्र के डुबकियां पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार महिला और उसके साथ मौजूद व्यक्ति सड़क पर गिर पड़े।
जानकारी के अनुसार, गाजीपुर जनपद के नंदगंज निवासी संजू देवी मंगलवार सुबह एक संबंधी के साथ बाइक से वाराणसी दवा लेने आई थीं। दोपहर में वापस घर लौटते समय डुबकियां पेट्रोल पंप के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा।




