आशापुर चौराहे पर कार से गिरा था बैग, जांच के बाद कैमरा बरामद कर मालिक के पिता को सौंपा
रिपोर्ट विवेक राय
वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र की आशापुर पुलिस ने तत्परता और तकनीकी जांच के जरिए करीब दो लाख रुपये कीमत का गुम हुआ सर्जिकल कैमरा बरामद कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे करीब 20 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर कैमरे का पता लगाया। गुरुवार, 19 नवंबर को कैमरा, बैग और अन्य उपकरणों सहित आवेदक रामसहाय सिंह यादव को सौंप दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, 11 नवंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे आशापुर चौराहे पर डॉ. विनय कुमार अपनी कार से सामान निकाल रहे थे। इसी दौरान उनका बैग सर्जिकल कैमरे सहित सड़क पर गिर गया। कुछ देर बाद इसकी जानकारी होने पर काफी तलाश की गई, लेकिन बैग का पता नहीं चला। इसके बाद डॉ. विनय के पिता रामसहाय सिंह यादव ने सारनाथ थाने में प्रार्थना पत्र देकर सामान बरामद कराने की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देशन में थानाध्यक्ष सारनाथ उपनिरीक्षक पंकज त्रिपाठी के नेतृत्व में चौकी प्रभारी आशापुर उपनिरीक्षक दीक्षा पांडेय ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे लगभग 20 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की गई।
फुटेज का क्रमवार विश्लेषण करने पर बैग उठाने वाले व्यक्तियों की पहचान हुई। जांच में पता चला कि बैग और सर्जिकल कैमरा मवइया निवासी पंकज पांडेय के पास सुरक्षित रखा हुआ है। पुलिस ने उनसे कैमरा प्राप्त कर लिया।
इसके बाद 19 नवंबर 2026 को सर्जिकल कैमरा, बैग और उसमें मौजूद उपकरण रामसहाय सिंह यादव को सकुशल सुपुर्द कर दिए गए। कीमती सामान वापस मिलने पर उन्होंने सारनाथ पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।




