वाराणसी के 120 चयनित गांवों में संचालित है योजना, एफपीजी के जरिए किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़ने की पहल
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
वाराणसी। किसानों की खेती की लागत कम करने और उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार की यूपी-एग्रीज परियोजना के तहत जिले में निःशुल्क उन्नत प्रजाति के गेहूं बीज वितरित किए जा रहे हैं। विश्व बैंक से वित्तपोषित इस परियोजना के अंतर्गत चिरईगांव विकासखंड के चयनित गांवों में किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।
यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश सरकार और प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेशन यूनिट-यूपीडास्प के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया जा रहा है। जिला मजिस्ट्रेट और मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. इंदु शेखर मिश्रा, वरिष्ठ उप प्रबंधक कृषि आशीष जायसवाल तथा चिरईगांव ब्लॉक एसोसिएट ऋषिकेश की देखरेख में परियोजना की गतिविधियों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
वरिष्ठ उप प्रबंधक कृषि आशीष जायसवाल ने बताया कि यूपी-एग्रीज परियोजना वाराणसी जिले के चार विकासखंडों—आराजीलाइन, सेवापुरी, चोलापुर और चिरईगांव में संचालित की जा रही है। प्रत्येक विकासखंड के 30-30 गांवों का चयन किया गया है। इस प्रकार जिले के कुल 120 गांवों में परियोजना के माध्यम से किसानों को लाभान्वित करने की योजना है।
उन्होंने बताया कि चयनित गांवों में कृषक उत्पादक समूह (एफपीजी) के माध्यम से किसानों को संगठित कर उन्नत किस्म के गेहूं बीज का निःशुल्क वितरण कराया जा रहा है। समूहों के जरिए किसानों को कृषि संसाधनों और तकनीकी सुविधाओं से जोड़ने के साथ सामूहिक रूप से आधुनिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
परियोजना का प्रमुख उद्देश्य किसानों को बेहतर गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराकर फसल उत्पादन में वृद्धि करना, कृषि लागत को कम करना और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना है। इसके साथ ही वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाकर किसानों को खेती के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।




