सुदामापुर स्थित आवास से हुई गिरफ्तारी, न्यायालय से जारी था वारंट; पुलिस ने शुरू की विधिक कार्रवाई
रिपोर्ट विवेक राय
वाराणसी। अपराधियों एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भेलूपुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के एक वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को अभियुक्त को उसके सुदामापुर स्थित आवास से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गोलू सोनकर उर्फ रविदयाल (40 वर्ष), पुत्र रामजी सोनकर, निवासी सुदामापुर, बजरडीहा, थाना भेलूपुर, वाराणसी के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में वाराणसी के 13वें अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत से वारंट जारी किया गया था। यह मामला मुकदमा संख्या 665/2019 से संबंधित है, जिसमें उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एवं असामाजिक क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 की धारा 3(1) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर वारंटी और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा एसीपी भेलूपुर और थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष भेलूपुर दिगंबर उपाध्याय, उपनिरीक्षक दीपक कुमार, कांस्टेबल रामनगीना मौर्य और हेड कांस्टेबल राकेश चौधरी शामिल रहे।




