सिंगापुर के पर्यटक का नकदी और विदेशी मुद्रा से भरा बैग ए-1 कोच में छूटा था, आरपीएफ की सतर्कता से सुरक्षित मिला
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
वाराणसी। वाराणसी जंक्शन पर रेलवे कर्मचारियों और आरपीएफ की ईमानदारी का सराहनीय उदाहरण सामने आया है। नई दिल्ली से वाराणसी आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस में सिंगापुर निवासी एक विदेशी पर्यटक का नकदी और विदेशी मुद्रा से भरा बैग छूट गया था। रेलवे कर्मचारियों ने बैग बरामद कर शनिवार को उसके वास्तविक मालिक को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को ट्रेन संख्या 22416 के वाराणसी पहुंचने पर कर्मचारी अनूप कुमार और सफाईकर्मी करण सिंह ने ए-1 कोच में लावारिस काला बैग देखा। सूचना पर आरपीएफ के उपनिरीक्षक चरण सिंह, कांस्टेबल मोहित कुमार और अरविंद कुमार ने बैग को सुरक्षित कब्जे में ले लिया।
डिप्टी एसएस कार्यालय में जांच के दौरान बैग से 2,11,650 रुपये भारतीय मुद्रा के अलावा अमेरिकी डॉलर, श्रीलंकाई और सिंगापुर की मुद्रा बरामद हुई। विदेशी मुद्रा का अनुमानित भारतीय मूल्य 1.32 लाख रुपये था। इस प्रकार बैग में कुल करीब 3.44 लाख रुपये की नकदी थी। पूरी जांच प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
रेल मदद पोर्टल पर दर्ज शिकायत के आधार पर बैग के मालिक की पहचान हुई। दिलीप पांडेय से संपर्क करने पर पता चला कि उनके साथ यात्रा कर रहे सिंगापुर निवासी पर्यटक का बैग ए-1 कोच की सीट संख्या 33 पर छूट गया था।
सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शनिवार को बैग उसके वास्तविक मालिक को सौंप दिया गया। रेलवे कर्मचारियों और आरपीएफ की ईमानदारी एवं तत्परता की सराहना की जा रही है।




