जनकल्याणकारी योजनाओं, महिला सशक्तीकरण और रोजगार के अवसरों से बदली देश की तस्वीर : निर्मला सीतारामन
नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने गरीबी उन्मूलन की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2011 से 2023 के बीच करीब 50 करोड़ लोग गरीबी के दायरे से बाहर आए हैं। उन्होंने इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को दिया।
उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत अभियान, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना ने गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। जनधन योजना और मुद्रा ऋण से आर्थिक आत्मनिर्भरता तथा रोजगार के अवसर बढ़े हैं।
वित्त मंत्री के अनुसार, देश की करीब 10 करोड़ ग्रामीण महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं और 3.7 करोड़ से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। नमो ड्रोन दीदी जैसी योजनाएं महिलाओं को आधुनिक तकनीक और उद्यमिता से जोड़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का अगला लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। इसके लिए रोजगार, कौशल विकास, आधुनिक बुनियादी ढांचे और आर्थिक अवसरों का विस्तार जरूरी है।






