विद्यालय की समस्याओं को लेकर बेटियों ने रखी बात, अधिकारियों को जल्द समाधान कराने के दिए निर्देश
रिपोर्ट : विवेक राय
वाराणसी। अजगरा विधानसभा क्षेत्र के राजवारी गांव में विधायक त्रिभुवन राम ने जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनचौपाल में गांव की बेटियों ने अपने विद्यालय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को विधायक के सामने रखा। विधायक ने उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए जल्द समाधान कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को मतदाता सूची में नए नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। साथ ही पात्र युवाओं से मतदाता पंजीकरण कराकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।
विधायक त्रिभुवन राम ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। जनचौपाल के माध्यम से लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके समाधान का प्रयास लगातार जारी रहेगा।
इस अवसर पर चौबेपुर मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह, शक्तिकेंद्र संयोजक अंकुर सिंह, बूथ अध्यक्ष अमलेश मिश्रा, अरुण सिंह, कृष्ण कुमार सिंह, अजीत कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




