9.4 किलोमीटर लंबी नहर का होगा कायाकल्प, पुलियों का भी कराया जाएगा नव निर्माण; किसानों को मिलेगी बेहतर सिंचाई सुविधा
रिपोर्ट विवेक राय
वाराणसी। अजगरा विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। दानगंज स्थित महेश वाटिका में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की ओर से दानगंज रजवाहा के पुनरोद्धार और पुलियों के नव निर्माण कार्य का शिलान्यास विधायक त्रिभुवन राम ने किया।
इस परियोजना के तहत दानगंज रजवाहा के किलोमीटर 0.00 से 9.400 तक नहर का पुनरोद्धार किया जाएगा। साथ ही जर्जर पुलियों के स्थान पर नई पुलियों का निर्माण कराया जाएगा। कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। नहर की क्षमता में सुधार होने से जल प्रवाह और सिंचाई व्यवस्था को सुचारु बनाने में मदद मिलेगी।
शिलान्यास के अवसर पर विधायक त्रिभुवन राम ने कहा कि अजगरा विधानसभा क्षेत्र में किसानों की सुविधाओं और समग्र विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। क्षेत्र में आवश्यकतानुसार विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि किसानों और आमजन को इसका सीधा लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख लालबहादुर सिंह, सुभाष सिंह, ग्राम प्रधान अजीत सिंह, विनोद सिंह, शिवाजी सिंह, मोहन बाबू, रितेश सिंह, अरविंद सेठ, अभिनव त्रिपाठी, प्रशांत चतुर्वेदी तथा सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अधिशासी अभियंता विपिन कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।




