दो वर्षों में 12.47 करोड़ लोगों तक पहुंचा जागरूकता अभियान, बाल विवाह रोकने के लिए ग्राम पंचायतों और समाज की भागीदारी पर जोर
नई दिल्ली। बाल विवाह बच्चों के अधिकारों, शिक्षा और सुरक्षित भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। इसे समाप्त करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार वर्ष 2030 तक भारत को बाल विवाह मुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ अभियान चला रही है। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर के अनुसार, पिछले दो दशकों में बाल विवाह के मामलों में उल्लेखनीय कमी आई है।
राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण के आंकड़ों के अनुसार, 18 वर्ष से पहले विवाह करने वाली 20 से 24 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं का अनुपात वर्ष 2005-06 के 47.4 प्रतिशत से घटकर 2023-24 में 20.1 प्रतिशत रह गया है। हालांकि, हर पांच में से एक युवती का बाल विवाह होना अब भी चिंता का विषय है।
‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान की शुरुआत 27 नवंबर 2024 को की गई थी। इसके तहत अब तक 6.85 लाख जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर 12.47 करोड़ लोगों तक संदेश पहुंचाया गया है। 42 लाख से अधिक नागरिक बाल विवाह के खिलाफ शपथ ले चुके हैं। देश के 257 उच्च प्रभाव वाले जिलों को अभियान में प्राथमिकता दी गई है।
छत्तीसगढ़ का बालोद देश का पहला बाल विवाह मुक्त जिला बना है। यहां 436 ग्राम पंचायतों और नौ शहरी निकायों में लगातार दो वर्षों तक बाल विवाह का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ। सूरजपुर जिले की 75 ग्राम पंचायतों को भी बाल विवाह मुक्त घोषित किया गया है।
बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के तहत 18 वर्ष से कम उम्र की लड़की और 21 वर्ष से कम उम्र के लड़के का विवाह प्रतिबंधित है। कानून का उल्लंघन करने पर दो वर्ष तक कठोर कारावास और एक लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।
अभियान में ग्राम पंचायतों, शिक्षण संस्थानों, धार्मिक संगठनों और विवाह से जुड़े व्यवसायों को शामिल किया जा रहा है। ग्राम सभाओं से अपने क्षेत्रों को बाल विवाह मुक्त घोषित करने के प्रस्ताव पारित करने की अपील की गई है। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के साथ भी इसे जोड़ा गया है।
27 नवंबर 2026 को अभियान के दो वर्ष पूरे होने के साथ पहला अंतरराष्ट्रीय बाल, प्रारंभिक और जबरन विवाह उन्मूलन दिवस भी मनाया जाएगा। नागरिकों से अपील की गई है कि बाल विवाह की आशंका होने पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 या संबंधित पोर्टल पर सूचना दें।
श्रीमती सावित्री ठाकुर ने कहा कि हर बेटी को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलना चाहिए। वर्ष 2030 तक बाल विवाह मुक्त भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब परिवार, समाज और प्रशासन मिलकर इस सामाजिक कुरीति के खिलाफ जिम्मेदारी निभाएंगे।
— श्रीमती सावित्री ठाकुर, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री






