कमिश्नरेट पुलिस की बड़ी सफलता, एक कुंतल गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
वाराणसी। कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार की रात एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक कुंतल के करीब अवैध गांजा बरामद किया। बरामद मादक पदार्थ की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 20 लाख रुपये आंकी जा रही है।
रोहनिया थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने शिवपुर अस्पताल के पास चेकिंग के दौरान आरोपी संजय कुमार दुबे पुत्र स्व. शेषनाथ दुबे, निवासी हरदोही थाना रामनगर, जिला रोहतास (बिहार) को धर दबोचा। तलाशी में उसके पास से 97.976 किलो अवैध गांजा, एक चारपहिया वाहन, नकद 1480 रुपये और एक मोबाइल फोन मिला।
डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रोहनिया थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही तस्करी में शामिल अन्य लोगों का खुलासा भी किया जाएगा।
कार्रवाई करने वाली टीम में रोहनिया थाना प्रभारी राजू सिंह, उपनिरीक्षक विशाल कुमार सिंह, धर्मेंद्र राजपूत, भरत कुमार चौधरी, दिनेश सिंह, हेड कांस्टेबल अमरनाथ यादव, अवनीश कुमार राय सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। वहीं एसओजी टीम का नेतृत्व प्रभारी गौरव सिंह ने किया, जिनके साथ हेड कांस्टेबल ब्रह्मदेव सिंह, चंद्रभान यादव और प्रमोद सिंह मौजूद रहे।




