सहेली से मिलने निकली किशोरी लापता, अपहरण का मुकदमा दर्ज
चोलापुर (वाराणसी)। थाना क्षेत्र के एक गांव से 17 वर्षीय किशोरी रहस्यमय हालात में लापता हो गई। बताया जा रहा है कि वह 1 सितंबर को अपनी सहेली से मिलने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बावजूद उसका कुछ पता न चलने पर परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि किशोरी के दादा की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है। किशोरी की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। संभावित स्थानों पर छापेमारी की जा रही है और हुलिया के आधार पर भी जांच तेज कर दी गई है।




