युवक ने लगाया फांसी का फंदा, सुसाइड नोट में लिखा मारपीट का जिक्र
वाराणसी (लंका)। लंका थाना क्षेत्र के रमना गांव में रविवार को 18 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रमना निवासी नीरज पटेल का शव कमरे में गमछे के फंदे से लटकता मिला। छोटा भाई मनीष घर लौटा तो उसने नीरज को फंदे पर देखा और शोर मचाया। मौके पर पहुंचे परिजनों व ग्रामीणों को देख पुलिस और फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई।
पुलिस को कमरे से सुसाइड नोट मिला, जिसमें नीरज ने गांव के ही विजय यादव से रुपये के लेन-देन और मारपीट का जिक्र किया है। आरोप है कि विजय यादव ने उससे एक लाख रुपये उधार लिए थे, जिसमें से 85 हजार लौटा दिए गए थे, लेकिन शेष 15 हजार को लेकर विवाद हुआ। शनिवार को इसी बात पर विजय ने नीरज को बुलाकर पिटाई की और धमकी दी थी।
पिता विनोद पटेल की तहरीर पर पुलिस ने विजय यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौके पर पहुंचे एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




