बीपैक्स सचिवों ने वेतन-मानदेय को लेकर दी कार्य बहिष्कार की चेतावनी
वाराणसी। बकाया वेतन और कमीशन की मांग को लेकर बीपैक्स सचिवों ने आंदोलन तेज कर दिया है। मंगलवार को एमपैक्स सदस्यता महाअभियान से संबंधित जनपद स्तरीय कार्यशाला के दौरान सहकारी सचिव परिषद के जिलाध्यक्ष ऋषि कुमार सिंह के नेतृत्व में सचिवों ने विरोध प्रदर्शन किया।
इसी क्रम में बुधवार को सभी सचिवों की बैठक हुई, जिसमें काली पट्टी बांधकर समिति के दैनिक कार्य करने और सदस्यता महाअभियान से दूरी बनाने का निर्णय लिया गया। सचिवों ने स्पष्ट किया कि जब तक वेतन, मानदेय और कमीशन की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक कोई भी सचिव महाअभियान को सफल बनाने में सहयोग नहीं करेगा।

जिलाध्यक्ष ऋषि कुमार सिंह ने कहा कि सचिवों को कई मोर्चों पर संघर्ष करना पड़ रहा है। एक ओर वेतन के अभाव में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है, वहीं दूसरी ओर अधिकारियों की उपेक्षा से भी जूझना पड़ रहा है।
बैठक के बाद सचिवों का प्रतिनिधिमंडल सहायक आयुक्त कार्यालय पहुंचा और उनकी अनुपस्थिति में वरिष्ठ अपर जिला सहकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। एडीसीओ लालजी, विजय कुमार और संगीता वर्मा ने ज्ञापन पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।




