पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष महेंद्र जायसवाल की पौत्री के निधन पर सिंधोरा बाजार बंद
सिंधोरा (वाराणसी)। कस्बे के पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष महेंद्र जायसवाल की आठ वर्षीय पौत्री अदिति के आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही बुधवार को सिंधोरा बाजार शोक में पूरी तरह बंद रहा।
अदिति, कस्बे के प्रसिद्ध व्यवसायी आशीष जायसवाल की पुत्री थी। वह सरायशेखलार्ड स्थित सेंट्रल एकेडमी स्कूल में कक्षा दो की छात्रा थी। गत बुधवार को पढ़ाई के दौरान अचानक उसे पेट में तेज दर्द हुआ। स्कूल प्रशासन ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे वाराणसी के पॉपुलर हॉस्पिटल ले गए, जहां वह छह दिनों तक इलाजरत रही। डॉक्टरों ने बुधवार दोपहर करीब दो बजे उसे मृत घोषित कर दिया।
अचानक पेट दर्द से मासूम की मौत की खबर सुनकर कस्बे में गहरा शोक छा गया। शाम तक बाजार के सभी व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।




