कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर समेत भाजपा नेताओं ने आवास पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
रिपोर्ट : विवेक राय
मिर्जामुराद (वाराणसी)। गौर गांव निवासी भाजपा जिला महामंत्री एवं वंशनारायण सिंह महिला महाविद्यालय के प्रबंधक संजीव सिंह गौतम के बड़े पिता, गंगापुर के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं पूर्व प्रधानाचार्य संघ के नेता सुरेश सिंह गौतम के 100 वर्ष की आयु में निधन की खबर से शोक की लहर है। शुक्रवार को उनके आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए लोगों का तांता लगा रहा।
शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, राज्यसभा सांसद साधना सिंह तथा चकिया (चंदौली) विधायक कैलाश नाथ खरवार सहित संघ से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारी एवं भाजपा नेता उनके आवास पहुंचे। नेताओं ने सुरेश सिंह गौतम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि भाजपा ने एक नेता नहीं, बल्कि अपने बीच के अभिभावक को खोया है। उन्होंने कहा कि सुरेश सिंह गौतम द्वारा किए गए कार्यों और संगठन के प्रति उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
इस अवसर पर नेताओं ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।




