सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनके योगदान को किया याद, युवाओं से आदर्श अपनाने का आह्वान
रिपोर्ट: विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
राजातालाब (वाराणसी)। डॉ. राममनोहर लोहिया पीजी कॉलेज, भैरव तालाब में समाजवादी चिंतक, स्वतंत्रता सेनानी एवं प्रखर समाज सुधारक डॉ. राममनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान उनके व्यक्तित्व, विचारों और राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।
महाविद्यालय के प्रबंधक सुशील सिंह तोयज ने डॉ. लोहिया के विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि उनके आदर्श समाज को सही दिशा देने में आज भी प्रासंगिक हैं। वहीं, प्राचार्या प्रोफेसर सुमन लता सिंह ने कहा कि डॉ. लोहिया ने सामाजिक समानता, आर्थिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनका मानना था कि सामाजिक असमानताओं को दूर किए बिना न्यायपूर्ण समाज की स्थापना संभव नहीं है।
सभा में युवाओं को सामाजिक समस्याओं के प्रति संवेदनशील बनने और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना भी है।
कार्यक्रम प्रबंधक तोयज कुमार सिंह के संरक्षण एवं प्राचार्या प्रोफेसर सुमनलता देवी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इसमें महाविद्यालय के प्राध्यापकगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




