कार्तिक पूर्णिमा मेले में 70 किलो हलवा बांटकर करीब एक हजार दर्शनार्थियों की मिटाई भूख-प्यास, घाट पर बैठने के लिए बिछवाई पुआल
रिपोर्ट: अभिषेक उपाध्याय
राजेपुर त्रिमुहानी (जौनपुर)। रामेश्वरम गोमती-सई संगम पर आयोजित कार्तिक पूर्णिमा मेले में पीपा पुल निर्माण की मांग को लेकर अनशन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता जज सिंह अन्ना ने आंदोलन के साथ-साथ मानव सेवा की मिसाल भी पेश की। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए 70 किलो सूजी का हलवा तैयार करवाकर करीब एक हजार लोगों में निःशुल्क वितरित कराया। हलवा समाप्त होने पर दर्शनार्थियों को बिस्कुट के पैकेट दिए गए। इसके अलावा पेयजल के लिए 30 बोतल पानी भी उपलब्ध कराया गया।
घाट पर स्नानार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठने के लिए 50 पूली पुआल भी बिछवाई गई। अन्ना का कहना है कि जनसुविधाओं की मांग को लेकर उनका अनशन जारी रहेगा, लेकिन मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना भी उनकी प्राथमिकता है।
जज सिंह अन्ना ने आरोप लगाया कि मेले में पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना के बावजूद जिलाधिकारी जौनपुर सुबह से ही व्यवस्थाओं का जायजा लेने नहीं पहुंचे। उन्होंने घाट पर अव्यवस्थाओं का भी उल्लेख किया। दोपहर दो बजे के बाद संगम पर श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ गई। अन्ना के अनुमान के अनुसार, इस वर्ष गोमती-सई संगम में करीब 10 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया।
इस बार नाव संचालन शुरू होने से संगम के आर-पार जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली। खासकर मन्नत मांगने वाले महिला और पुरुषों को आवागमन में सुविधा हुई। अन्ना के मुताबिक, उनके लगातार प्रयासों और अधिकारियों से संपर्क के बाद नाव संचालन शुरू हो सका। इससे श्रद्धालुओं को स्नान के साथ मंदिरों में दर्शन-पूजन करने में भी सहूलियत मिली।
जज सिंह अन्ना ने कहा कि पीपा पुल की मांग को लेकर जनहित का आंदोलन जारी रहेगा। उनका उद्देश्य है कि संगम पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें और उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।






