प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था होगी चाक-चौबंद, अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नमो घाट पर आगामी 22 से 25 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले एयर शो की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
नमो घाट पर आयोजित होने वाले एयर शो में 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक और सुरक्षा स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नमो घाट के साथ ही आसपास के अन्य गंगा घाटों पर भी सुरक्षा के व्यापक और चाक-चौबंद इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने एयर शो से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी और सेना के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को तैयारियों की जानकारी दी। अधिकारियों ने परियोजना के मानचित्र के माध्यम से आयोजन स्थल तथा उससे संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रस्तुत की।
निरीक्षण के दौरान प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, स्टाम्प मंत्री रविन्द्र जायसवाल, आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक कुमार तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक सुनील पटेल और विधायक टी. राम उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, सेना के वरिष्ठ अधिकारियों सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आयोजन की महत्ता को देखते हुए सभी तैयारियां समन्वय के साथ पूरी करने और सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।




