जनता इंटर कॉलेज बरसठी में एंटी रोमियो टीम ने दी हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
रिपोर्ट अभिषेक उपाध्याय
बरसठी (जौनपुर)। मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत गुरुवार को थाना बरसठी की एंटी रोमियो एवं मिशन शक्ति टीम ने जनता इंटर कॉलेज बरसठी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं को महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया। इस दौरान टीम ने पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 1090 व 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
साथ ही छात्राओं को विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने, किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित हेल्पलाइन से सहायता लेने तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।






