प्रेमी के गांव पहुंचकर उठाया कदम, पुलिस की समझाइश के बाद सुरक्षित नीचे उतरी; मेडिकल परीक्षण के लिए भेजी गई
रिपोर्ट अभिषेक उपाध्याय
सिकरारा (जौनपुर)। प्रेम संबंध और शादी की जिद से जुड़ा एक मामला सिकरारा क्षेत्र के डमरुआ गांव में सामने आया। यहां एक महिला अपने कथित प्रेमी से विवाह करने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर पर चढ़ा देख गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने करीब ढाई घंटे तक समझाने का प्रयास किया। अंततः थानाध्यक्ष तेज बहादुर सिंह की समझाइश के बाद महिला सुरक्षित नीचे उतर आई।
पुलिस के अनुसार, महिला की उम्र करीब 28 वर्ष है और वह आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के धन्नीपुर विसयां गांव की निवासी बताई गई है। उसकी शादी भदोही जिले के सुरियावां क्षेत्र के महजदा गांव निवासी मुन्ना चौहान से हुई थी। उसके दो बच्चे हैं, जिनमें चार वर्षीय बेटा और दो वर्षीय बेटी शामिल हैं।
बताया जाता है कि महिला करीब छह माह पहले पति से अलग होकर डमरुआ गांव निवासी सचिन गिरी के साथ सूरत में रहने लगी थी। दोनों के बीच पिछले करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। नवरात्र के दौरान दोनों सूरत से अपने-अपने गांव लौट आए थे। सचिन अपने गांव डमरुआ चला गया, जबकि महिला अपने मायके आजमगढ़ पहुंच गई थी।
जानकारी के मुताबिक, 25 अक्टूबर को महिला अपने कथित प्रेमी से मिलने डमरुआ गांव पहुंची थी, लेकिन वह घर पर नहीं मिला। इसके बाद महिला ने उससे शादी करने की मांग करते हुए गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ने का कदम उठा लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही सिकरारा पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए बातचीत शुरू की। काफी देर तक चले प्रयास के बाद थानाध्यक्ष तेज बहादुर सिंह ने उसे समझाया, जिसके बाद वह नीचे उतर आई।
पुलिस महिला को अपने साथ थाने ले गई और मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर क्षेत्र में काफी देर तक चर्चा होती रही।






