तीन दिन बाद भी नहीं मिला सुराग, पिता की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। थाना क्षेत्र में स्कूल जाने के लिए घर से निकली 16 वर्षीय किशोरी के अचानक लापता होने से परिजन परेशान हैं। काफी खोजबीन के बावजूद किशोरी का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, किशोरी बीते 27 अक्टूबर को जाल्हूपुर स्थित एक इंटर कॉलेज में पढ़ने के लिए घर से निकली थी। लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं पहुंची। काफी इंतजार के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और रिश्तेदारों सहित संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका।
इसके बाद किशोरी के पिता ने चौबेपुर थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने 29 अक्टूबर को मामले में प्राथमिकी दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। किशोरी का पता लगाने के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।




