पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने राजपत्रित अधिकारियों के साथ की उच्चस्तरीय बैठक, वीआईपी सुरक्षा से लेकर यातायात और भीड़ नियंत्रण तक की तैयारियों को लेकर दिए सख्त निर्देश
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
वाराणसी। बनारस रेलवे स्टेशन से वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाए जाने के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश एवं केंद्रीय रेल मंत्री के प्रस्तावित आगमन और भ्रमण कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को पुलिस आयुक्त श्री मोहित अग्रवाल ने समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के साथ विस्तृत ब्रीफिंग की। इस दौरान वीआईपी सुरक्षा, आवागमन मार्ग, कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की गई।
पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पुलिसकर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थलों पर समय से पहले पहुंचकर जिम्मेदारी संभालें। ड्यूटी पर तैनात प्रत्येक जवान को उसके दायित्वों और सुरक्षा संबंधी प्रोटोकॉल की स्पष्ट जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी मौके पर ही अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग करें और प्रत्येक ड्यूटी प्वाइंट पर पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित करें। सुरक्षा ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी पूरी तरह सतर्क एवं अनुशासित रहें तथा मोबाइल फोन का अनावश्यक प्रयोग न करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने के निर्देश भी दिए गए।
वीआईपी के आगमन, प्रस्थान एवं भ्रमण मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के साथ प्रमुख चौराहों, गलियों, कट और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया। कार्यक्रम स्थल के सभी प्रवेश एवं निकास द्वारों पर निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप चेकिंग और फ्रिस्किंग सुनिश्चित करने तथा महिलाओं की तलाशी महिला पुलिसकर्मियों से कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल, वीआईपी रूट और आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों पर ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर रूफटॉप ड्यूटी लगाने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस आयुक्त ने असामाजिक एवं संदिग्ध तत्वों पर विशेष नजर रखने के साथ होटल, ढाबों, गेस्ट हाउस और अन्य ठहरने वाले स्थानों की सघन चेकिंग एवं सत्यापन कराने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने तथा आवश्यकता के अनुसार डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू करने को कहा गया, ताकि वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो। वहीं, भीड़भाड़ वाले इलाकों, चौराहों और मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ रस्सों एवं बैरिकेडिंग के माध्यम से भीड़ को नियंत्रित करने तथा आपातकालीन आवागमन का रास्ता सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस आयुक्त ने रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और कमिश्नरेट पुलिस के बीच बेहतर समन्वय एवं सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि सभी प्रभारी अधिकारी अपने अधीनस्थ पुलिस बल के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखें और किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल निर्णय लेकर प्रभावी कार्रवाई करें। अधिकारियों को अपने-अपने ड्यूटी क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण करने, पुलिसकर्मियों की सतर्कता एवं अनुशासन की निगरानी रखने तथा ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर जवाबदेही निर्धारित करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय रेल मंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर चूक नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।




