‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर हुई भाषण प्रतियोगिता, तीन विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लखनऊ में करेंगे प्रतिभाग
रिपोर्ट: विवेक राय
वाराणसी। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत (MY Bharat), वाराणसी की ओर से डॉ. घनश्याम सिंह पीजी कॉलेज में ‘यूथ पार्लियामेंट 2027’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ (One Nation, One Election) विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें युवाओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था, चुनाव प्रक्रिया और देश के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने एक साथ चुनाव कराने की व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए इसके संभावित वित्तीय लाभ, संसाधनों की बचत और सुशासन से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम तीन प्रतिभागियों को लखनऊ में विधानसभा स्तर पर आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में महाविद्यालय प्रबंधक नागेश्वर सिंह एवं प्राचार्य डॉ. आनंद सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर प्रज्ञा प्रवाह के रामाशीष जी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा देश के विकास में अपनी प्रभावी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए गठित निर्णायक मंडल में पूर्व डीआईओएस डॉ. अवध किशोर सिंह, दैनिक जागरण आई-नेक्स्ट के विकास रघुवंशी, शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. रचना पांडेय तथा राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष अरविंद चौबे शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ की अवधारणा पर अपने विचार रखते हुए कहा कि इस व्यवस्था से बार-बार होने वाले चुनावों पर आने वाले वित्तीय खर्च को कम करने तथा विकास कार्यों में निरंतरता बनाए रखने में मदद मिल सकती है। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, विचार अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने और उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास करना रहा।




