ऑटो में बांधकर बनाया बंधक, एक आरोपी फरार; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
रिपोर्ट अभिषेक उपाध्याय
जौनपुर। केराकत थाना क्षेत्र के परमानंदपुर गांव में बकरी चोरी की घटना सामने आने से हड़कंप मच गया। सोमवार की देर रात ऑटो से बकरी चोरी कर भाग रहे तीन कथित आरोपियों को ग्रामीणों ने घेराबंदी कर पकड़ लिया, जबकि उनका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एफआईआर में दर्ज तथ्यों के मुताबिक, सोमवार रात ऑटो सवार आरोपी कथित तौर पर बकरी चोरी कर भाग रहे थे। इसी दौरान घर में मौजूद एक बुजुर्ग महिला की नजर उन पर पड़ गई। महिला के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और आरोपियों का पीछा शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर तीन लोगों को पकड़ लिया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने पकड़े गए तीनों लोगों को ऑटो में ही बांधकर रोक लिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तीनों आरोपियों को ऑटो समेत थाने ले गई।
इस मामले में केराकत पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) और 62 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक श्रीराम सिंह को सौंपी गई है।
पुलिस अब मामले की जांच और फरार आरोपी की तलाश में आगे की कार्रवाई कर रही है।






