राम शकल पटेल ने भगवा झंडा दिखाकर वाहनों को किया रवाना, जय श्रीराम और भारत माता के नारों से गूंजा कछवांरोड बाजार
रिपोर्ट: विवेक राय
मिर्जामुराद (वाराणसी)। सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के कछवांरोड ओवरब्रिज के समीप बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं का विशाल काफिला प्रयागराज के लिए रवाना हुआ। इस दौरान भाजपा के झंडों और भगवा टोपियों से सजे करीब 200 चार पहिया वाहनों के साथ लगभग 1000 कार्यकर्ता शामिल रहे। कार्यकर्ताओं के उत्साह और जोश के बीच पूरा कछवांरोड बाजार भारत माता की जय, जय श्रीराम और लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम का नेतृत्व वाराणसी भाजपा जिलाध्यक्ष राम शकल पटेल ने किया। उन्होंने भगवा गमछा लहराकर काफिले को प्रयागराज के लिए रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा लोकतंत्र और बाबा साहेब के संविधान की रक्षा के संकल्प से जुड़ी है। उन्होंने विपक्ष पर झूठ और अफवाह फैलाकर प्रदेश की शांति भंग करने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कर्मभूमि वाराणसी का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रयागराज की धरती से अपनी आवाज बुलंद करेगा। उन्होंने प्रदेश में माफिया राज के स्थान पर योगी सरकार के कानून के राज की बात भी कही।
राम शकल पटेल ने बताया कि प्रयागराज के सिविल लाइन में आयोजित होने वाली विशाल पदयात्रा में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके आगमन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।
काफिले में शामिल कार्यकर्ता भाजपा के झंडे लेकर अनुशासित तरीके से प्रयागराज की ओर रवाना हुए। पूरे आयोजन के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस मौके पर भाजपा जिला महामंत्री संजीव सिंह गौतम, किसान मोर्चा अध्यक्ष कृष्ण कुमार मिश्रा, कोषाध्यक्ष जगदीश जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष अश्वनी पांडेय, संदीप सिंह, अमित पटेल, जिला मीडिया प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी ‘सुमित’, महिला मोर्चा अध्यक्ष किरण मिश्रा, पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष गोविंद दास गुप्ता, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष सुरेन्द्र प्रताप, जिला मंत्री खुशबू सिंह, बृजेश भारद्वाज, उमाशंकर पटेल, महामंत्री सीमा ओझा, उपाध्यक्ष सविता सिंह, मंत्री ममता सिंह, अनिता तिवारी, प्रताप सोनकर, अमित सिंह ‘पीयूष’, अजय पटेल, किशन सिंह, शिवशंकर राय, श्रीराम गुप्ता, चंद्रप्रकाश पटेल, ओमप्रकाश पटेल, लक्की पटेल, धीरज सिंह, अवगत उपाध्याय, अभिषेक पाण्डेय, अनुपम सिंह और निहाल सेठ समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




