‘मेरा युवा भारत’ वाराणसी के युवा संवाद में मताधिकार पर हुई चर्चा, श्रीजन चतुर्वेदी की प्रस्तुति ने युवाओं को किया जागरूक
रिपोर्ट: विवेक राय
वाराणसी। लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और युवाओं को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत स्वायत्त संस्था ‘मेरा युवा भारत’ (MYB), वाराणसी की ओर से एक दिवसीय ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘Know Your Vote’ (अपने वोट को जानें) विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक अधिकारों और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. घनश्याम सिंह कॉलेज के प्रबंधक नागेश्वर सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में महाविद्यालय के प्राचार्य उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त भाजयुमो के कोषाध्यक्ष सूयश अग्रवाल, यूथ आइकॉन श्रीजन चतुर्वेदी और खेल जगत में देश का गौरव बढ़ाने वाले एशियन चैम्पियनशिप के कांस्य पदक विजेता सागर ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण यूथ आइकॉन श्रीजन चतुर्वेदी की विशेष प्रस्तुति रही। उन्होंने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से युवाओं को ‘Know Your Vote’ की अवधारणा, मतदान की प्रक्रिया और लोकतांत्रिक व्यवस्था में एक-एक वोट के महत्व को सरल एवं प्रभावशाली तरीके से समझाया। उनकी प्रस्तुति ने विद्यार्थियों को मतदान के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनने का संदेश दिया।
इस अवसर पर ‘मेरा युवा भारत’, वाराणसी के उपनिदेशक विकाश कुमार सिंह ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज का युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान का भी महत्वपूर्ण भागीदार है। उन्होंने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रम युवाओं को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं वक्ताओं के बीच स्वच्छ मतदान, लोकतांत्रिक मूल्यों और युवा नेतृत्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक परिचर्चा हुई। वक्ताओं ने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्रबंध समिति के सदस्यों, समस्त प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने का संदेश देना रहा।




