29 वर्षीय अंकित तिवारी की दर्दनाक हादसे में गई जान, गांव में पसरा मातम
रिपोर्ट अभिषेक उपाध्याय
जौनपुर। मुंगरा बादशाहपुर-सुजानगंज मार्ग पर मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में इलाहाबाद हाईकोर्ट के युवा अधिवक्ता अंकित तिवारी (29) की दर्दनाक मौत हो गई। उनकी कार की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। वहीं, शेषपुर गांव सहित आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुजानगंज थाना क्षेत्र के शेषपुर गांव निवासी अंकित तिवारी, ओमप्रकाश तिवारी के पुत्र थे। वह प्रयागराज स्थित इलाहाबाद हाईकोर्ट में अधिवक्ता के रूप में कार्यरत थे। बताया जाता है कि मंगलवार रात करीब 11 बजे वह प्रयागराज से कार द्वारा अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मुंगरा बादशाहपुर और सुजानगंज के बीच उनकी कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अंकित तिवारी उसके अंदर फंस गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद कार को तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानगंज ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
अंकित तिवारी की असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, एक होनहार युवा अधिवक्ता के इस तरह दुनिया से चले जाने से गांव और क्षेत्र के लोग स्तब्ध हैं। उनकी मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है।




