ढोल-नगाड़ों और छठ गीतों से गूंजा घाट, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने श्रद्धालुओं के लिए की निःशुल्क चाय की व्यवस्था
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को छित्तमपुर स्थित मां नेपाली भगवती धाम मंदिर के अमृत सरोवर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को प्रथम अर्घ्य अर्पित करने के लिए व्रती महिलाओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाट पर पहुंचे। शाम करीब तीन बजे से ही सरोवर के घाटों पर भक्तों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। ढोल-नगाड़ों की थाप और छठी मईया के पारंपरिक गीतों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।
व्रतियों की अटूट आस्था का दृश्य देखते ही बन रहा था। कोई सड़क पर दंडवत करते हुए घाट तक पहुंच रहा था, तो कोई सिर पर कलश और प्रज्वलित कोसी लेकर छठी मईया की आराधना में लीन दिखाई दिया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अनिल कुमार सिंह की ओर से निःशुल्क चाय की उत्तम व्यवस्था की गई थी। इस अवसर पर अजगरा विधायक त्रिभुवन राम भी अमृत सरोवर घाट पहुंचे।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अनिल कुमार सिंह ने उन्हें अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर स्वागत किया, जबकि रोजगार सेवक छित्तमपुर शिवशंकर यादव ने भी माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। विधायक ने घाट का जायजा लिया और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। पर्व के दौरान चौबेपुर थाना पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
संध्याकाल में व्रती महिलाओं ने विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को प्रथम अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की। इसके बाद महिलाओं ने एक-दूसरे को लंबा सिंदूर लगाकर अखंड सौभाग्य की कामना की। छठी मईया के मंगल गीत गाते हुए व्रती महिलाएं अपने घरों की ओर रवाना हुईं। पूरे आयोजन के दौरान छित्तमपुर अमृत सरोवर का वातावरण श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा।




