जेनेसिस इंटरनेशनल स्कूल के वार्षिक समारोह में शानदार फ्लैग मार्च, विद्यार्थियों के अनुशासन और प्रतिभा की हुई सराहना
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
सेवापुरी (वाराणसी)। जेनेसिस इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित वार्षिक खेलकूद समारोह उत्साह, उमंग और खेल भावना के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक त्रिभुवन राम शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत विभिन्न खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का अवलोकन कर बच्चों की प्रतिभा और प्रदर्शन की सराहना की।
समारोह का प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों का शानदार फ्लैग मार्च रहा। स्कूली बच्चों ने पूरे अनुशासन, आत्मविश्वास और गरिमापूर्ण अंदाज में अतिथियों को सलामी दी। बच्चों के समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों को प्रभावित किया।
इस अवसर पर विधायक त्रिभुवन राम ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार है। खेलों से बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, सहयोग और टीम भावना जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी सक्रिय भागीदारी करने तथा अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेलों को प्रोत्साहन देना बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन आनंद सिंह, डायरेक्टर वशी राय, प्रधानाचार्य रंजीत सिंह, संस्कृति पाण्डेय सहित समस्त शिक्षकगण, विद्यालय परिवार एवं अभिभावक उपस्थित रहे। अंत में विधायक ने सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन एवं आयोजकों को बधाई देते हुए सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




