अपराध नियंत्रण से यातायात सुधार तक कई अभिनव पहल, साइबर अपराध में 35 प्रतिशत कमी का दावा; पुलिस लाइन का कायाकल्प और मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर कमिश्नरेट शीर्ष पांच में शामिल
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के कार्यकाल में वाराणसी कमिश्नरेट में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और पुलिसकर्मियों के कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए। पुलिस विभाग की ओर से जारी उपलब्धियों के विवरण के अनुसार, इस दौरान बड़े आयोजनों के सफल प्रबंधन के साथ आधुनिक पुलिसिंग और नागरिक-केंद्रित कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने के लिए कई अभिनव पहल की गईं।
बड़े आयोजनों का सफल प्रबंधन: वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव और एमएलसी चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराए गए। महाकुंभ-2025 के दौरान 10 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आवागमन के बीच यातायात व्यवस्था सुचारु रखने का दावा किया गया। वहीं एयर शो में 25 लाख से अधिक लोगों की भीड़ का प्रबंधन किया गया। कार्यकाल में 100 से अधिक वीवीआईपी दौरों और कई राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था भी संभाली गई।
यातायात व्यवस्था में नए प्रयोग: शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने के साथ ई-रिक्शा बारकोड प्रणाली और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र में नो-व्हीकल जोन विकसित किया गया। मंडुवाडीह में यू-टर्न व्यवस्था, पार्किंग के लिए पीली-हरी लाइनें और रणनीतिक स्थानों पर टायर किलर लगाए गए। इन प्रयासों का उद्देश्य यातायात अनुशासन और सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाना रहा।
अपराध और साइबर ठगी पर कार्रवाई: संगठित एवं पेशेवर अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस विभाग के अनुसार, विभिन्न अपराधों में संलिप्त 125 से अधिक अपराधी मुठभेड़ों में घायल हुए। संगठित अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई के लिए एसओजी-2 का गठन किया गया। साइबर अपराधों के खिलाफ अभियान में 200 से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी, आधा दर्जन अवैध कॉल सेंटरों का भंडाफोड़ और साइबर ठगी के शिकार लोगों की धनराशि वापस कराने की कार्रवाई की गई। विभाग ने वर्ष 2026 में साइबर अपराधों में करीब 35 प्रतिशत कमी दर्ज होने की जानकारी दी है।
पुलिसकर्मियों के कल्याण पर जोर: पुलिस लाइन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त परिसर के रूप में विकसित किया गया। यहां जिम्नेजियम, बैडमिंटन हॉल, बच्चों का पार्क, क्रिकेट ग्राउंड, कैंटीन और पुलिस म्यूजियम जैसी सुविधाएं विकसित की गईं। ‘घर सजाओ, इनाम पाओ’ और ‘लंच विद सीपी’ जैसी पहलों से पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों की सहभागिता बढ़ाने का प्रयास किया गया। त्योहारों को भी पुलिस परिवार के साथ सामूहिक रूप से मनाया गया।
आधारभूत ढांचे और प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार: चौक और कोतवाली थानों का जीर्णोद्धार कराया गया। दो 12 मंजिला आवासीय टावरों में 200 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया गया, जबकि दो अन्य टाइप-2 टावरों में 196 आवासीय इकाइयों का निर्माण अंतिम चरण में बताया गया। लालपुर-पाण्डेयपुर, रोहनिया, बड़ागांव और फूलपुर में चार नए थानों का निर्माण पूरा कराया गया। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग में भी वाराणसी कमिश्नरेट ने पिछले दो वर्षों से लगातार शीर्ष पांच में स्थान बनाए रखा।
जनता से सीधा संवाद बनी कार्यशैली: पुलिस आयुक्त ने फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने और आम नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित करने पर विशेष जोर दिया। पुलिसकर्मियों को बेहतर व्यवहार, संवाद कौशल और संवेदनशील नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग का प्रशिक्षण भी दिया गया।
पुलिस विभाग के अनुसार, इस कार्यकाल में आधुनिक तकनीक, बेहतर आधारभूत सुविधाओं, अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई और पुलिस-पब्लिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में व्यापक प्रयास किए गए। विभाग का दावा है कि इन पहलों से वाराणसी कमिश्नरेट की कार्यप्रणाली को अधिक जवाबदेह, सक्रिय और जनोन्मुख बनाने में मदद मिली।




