पिता ने लंका थाना क्षेत्र के निवासी युवक पर बेटी को साथ ले जाने का लगाया आरोप, पुलिस कर रही तलाश
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। क्षेत्र की 22 वर्षीय युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने के मामले में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। युवती के पिता ने आरोप लगाया है कि लंका थाना क्षेत्र का निवासी युवक उनकी पुत्री को अपने साथ ले गया है। पुलिस मामले की जांच और युवती की तलाश में जुटी है।
पिता के अनुसार, 24 नवंबर की सुबह करीब चार बजे उनकी पुत्री टहलने के लिए घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की, मगर युवती का कोई पता नहीं चल सका।
युवती के पिता ने युवक पर बेटी को साथ ले जाने के साथ ही आरोपी पक्ष की ओर से धमकी दिए जाने का आरोप भी लगाया है। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस युवती की तलाश करने के साथ ही पूरे मामले की जांच कर रही है।




