लल्लापुरा में लॉटरी जुआ खेलते छह गिरफ्तार, 33 हजार रुपये नकद बरामद
वाराणसी। कमिश्नरेट पुलिस की एसओजी-2 टीम ने सोमवार को लल्लापुरा क्षेत्र में छापा मारते हुए लॉटरी का जुआ खेल रहे छह लोगों को रंगेहाथ पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से 33,020 रुपये नकद, पांच एंड्रॉयड मोबाइल और एक कीपैड मोबाइल जब्त किया।
गिरफ्तार आरोपियों में लॉटरी संचालक घनश्याम जायसवाल और उसका सहयोगी संदीप जायसवाल शामिल हैं। इनके अलावा चार अन्य खिलाड़ियों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। थाने ले जाकर सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि लल्लापुरा क्षेत्र में अवैध लॉटरी कारोबार चल रहा है, जिसमें स्थानीय युवाओं को फंसाया जा रहा है। पुख्ता सूचना पर टीम ने दबिश देकर सभी को धर दबोचा।
एसओजी-2 की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध कारोबार में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी अभियान जारी रहेगा।




