पोलियो अभियान की तैयारी को लेकर बीटीएफ की बैठक सम्पन्न
चिरईगांव। आगामी 14 दिसंबर से 22 दिसंबर तक प्रस्तावित पोलियो अभियान और नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को ब्लॉक सभागार में ब्लॉक टास्क फोर्स (BTF) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ छोटेलाल तिवारी ने की।
पीएचसी प्रभारी डॉ. मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि बैठक में अभियान के सुचारु संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग तथा पंचायती राज के अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।
उन्होंने बताया कि ग्राम स्तरीय अधिकारियों को अभियान में सक्रिय सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में उन परिवारों पर भी विशेष चर्चा हुई, जहाँ पोलियो खुराक को लेकर झिझक या इनकार की स्थिति सामने आती है। ऐसे परिवारों को जागरूक कर उनके बच्चों को दवा पिलाने की रणनीति तय की गई।
बैठक में सहायक शोध अधिकारी कर्णिका सिंह, बाल विकास परियोजना की मुख्य सेविका, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि, एडीओ पंचायत कमलेश कुमार सिंह, मो. काशिफ हाशमी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




