गणेश वंदना, रंगारंग प्रस्तुतियों और ‘भारत पर्व’ नाटक ने बांधा समां
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। डुबकिया स्थित हरमन माइनर स्कूल में रविवार को दो दिवसीय रंगारंग वार्षिकोत्सव का शुभारंभ समारोहपूर्वक किया गया। उद्घाटन सीबीएसई सीओई प्रयागराज के डॉ. अखिलेश कुमार, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अत्रि भारद्वाज तथा उदय प्रताप कॉलेज के सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. राम सुधार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रधानाचार्य डॉ. अंबिका प्रसाद गौड़ ने अतिथियों का स्वागत किया। छात्रों ने गणेश वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को शुभारंभ से ही उल्लासपूर्ण बना दिया। एलकेजी और नर्सरी के नन्हे छात्रों का बबल बी डांस तथा कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों का फ्यूजन डांस दर्शकों की तालियों से गूंज उठा।
मुख्य अतिथि डॉ. अखिलेश कुमार ने अपने संबोधन में नई शिक्षा नीति को आज के समय की आवश्यकता बताया और अभिभावकों को इसके महत्व से अवगत कराया। वहीं डॉ. राम सुधार सिंह ने विज्ञान, अध्यात्म और संस्कारों के संतुलन पर जोर दिया। वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अत्रि भारद्वाज ने विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था और गतिविधियों की सराहना की।
समारोह के दौरान प्रधानाचार्य ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट मल्टीमीडिया प्रस्तुति के माध्यम से अभिभावकों को अवगत कराया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘भारत पर्व’ नाटक रहा, जिसमें बच्चों ने भारत की विविधता में एकता का संदेश प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया। नाट्य निर्देशन अरुण मिश्रा और नृत्य निर्देशन पंकज श्रीवास्तव द्वारा किया गया।
संचालन वैष्णवी, शशांक, पलक एवं परिधि ने संभाला। अंत में मुख्य अध्यापिका सुचिता तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।




