चौबेपुर क्षेत्र में हादसा, एक अन्य गंभीर रूप से घायल, जिला अस्पताल रेफर
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। उमरहां स्थित स्वर्वेद महामंदिर के समीप रविवार शाम करीब सवा तीन बजे वाराणसी–गाजीपुर–गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। डिवाइडर पर बने कट से सड़क पार कर रहे मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को गाजीपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने सुरेंद्र सिंह (50) पुत्र राम सिंह, निवासी कोंडरा सरैया, थाना बेटा गोकुल, जनपद हरदोई को मृत घोषित कर दिया।
वहीं दूसरे घायल कैलाश (50) पुत्र रामलाल, निवासी ग्राम चुनकुनी हंडियाडीह, थाना चौबेपुर की हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया।





