लोहे की नुकीली वस्तु से हमला, घायल को आई पैर में चोट
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। क्षेत्र के गौराकला गांव में मछली खरीदने के दौरान हुए विवाद में दुकानदार और उसके भाई पर मारपीट करने का आरोप लगा है। इस संबंध में गौराकला निवासी ओमप्रकाश सेठ ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, 28 जनवरी 2026 की शाम ओमप्रकाश अपने जीजा के साथ मछली खरीदने गया था। आरोप है कि दुकानदार अरमान पुत्र मम्मत सेठ तय दाम से अधिक पैसे मांगने लगा। इसका विरोध करने पर अरमान और उसके भाई अरशद ने गाली-गलौज करते हुए लोहे की नुकीली वस्तु से मारपीट की, जिससे ओमप्रकाश के पैर में चोट आ गई।
घटना के बाद आसपास के लोग एकत्र होने लगे तो दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
थानाध्यक्ष इंद्रेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





