चोलापुर पुलिस की कार्रवाई, वाहन सीज; कागजात भी नहीं मिले
चोलापुर (वाराणसी)। सड़क सुरक्षा अभियान के तहत चोलापुर पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे पर गलत दिशा में तेज गति से ट्रैक्टर चलाने वाले चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया।
पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन में चल रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान सुबह महावीर मंदिर उदयपुर सई हाईवे पर पुलिस टीम ने एक ट्रैक्टर को लापरवाही से विपरीत दिशा में आते देखा। रोककर पूछताछ करने पर चालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पकड़े गए चालक की पहचान रामा यादव (45) पुत्र देवनन्दन यादव निवासी ग्राम रामपुर, थाना चौबेपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए ट्रैक्टर को एमवी एक्ट के अंतर्गत सीज कर पुलिस अभिरक्षा में ले लिया।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक अवनीश कुमार मिश्रा और कांस्टेबल अविनाश शर्मा शामिल रहे। पुलिस ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और वाहन के वैध कागजात साथ रखने की अपील की है।




